बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान का जन्मदिन 2 नवंबर को होता है। शाहरुख खान ने बॉलीवुड की कई शानदार फिल्मों में ऐसा अभिनय किया है कि सिनेप्रेमियों के दिल और दिमाग पर हमेशा कायम रहा है। इतना ही नहीं बॉलीवुड की ऐसी बहुत सी अभिनेत्रियां हैं जिन्होंने शाहरुख खान के साथ अपनी पहली फिल्मी की और वो अपने करियर की ऊंचाइयों पर पहुंच गईं। जन्मदिन के खास मौके पर आज हम आपको उन्हीं अभिनेत्रियों से रूबरू करवाते हैं।

अभिनेत्री महिमा चौधरी ने अपनी पहली फिल्म शाहरुख खान के साथ की थी। उनकी पहली फिल्म का नाम परदेस था। दर्शकों ने फिल्म में शाहरुख खान के अलावा महिमा चौधरी के अभिनय को भी काफी पसंद किया। फिल्म परदेस साल 1997 में आई थी। इस फिल्म का निर्देशन सुभाष घई ने किया था। महिमा चौधरी अब भले ही फिल्मों से दूर हो गई हों लेकिन फिल्म परदेस के बाद उन्हें कई फिल्मों के ऑफर आए।

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की डेब्यू फिल्म बाजीगर है। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता शाहरुख खान और अभिनेत्री काजोल भी मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म बाजीगर साल 1993 में आई थी। इस फिल्म का निर्देशन अब्बास-मस्तान ने किया था। शाहरुख की ये फिल्म साल की सुपरहिट फिल्मों में से एक रही थी।

शाहरुख के साथ अपना फिल्मी सफर शुरू करने वाली अभिनेत्रियों में प्रीति जिंटा का भी नाम शामिल है। प्रीति जिंटा ने साल 1998 में फिल्म 'दिल से' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ शाहरुख मुख्य भूमिका में थे। फिल्म 'दिल से' का निर्देशन मणिरत्नम ने किया था।

दीपिका पादुकोण आज के समय में बॉलीवुड की सुपरहिट अभिनेत्रियों में से एक हैं। उन्होंने शाहरुख खान के साथ फिल्म ओम शांति ओम से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। दीपिका और शाहरुख की इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म ओम शांति ओम साल 2007 में आई थी।

अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भी अपना करियर शाहरुख के साथ फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' से शुरू किया। ये फिल्म साल 2008 में आई थी। इस फिल्म का निर्देशन आदित्य चोपड़ा ने किया था। ये फिल्म सिनेमाघरों में हिट रही थी।

वलूशा डिसूजा ने शाहरुख खान की फिल्म फैन से बॉलीवुड में कदम रखा है। फिल्म फैन में उन्होंने शाहरुख खान की पत्नी का किरदार निभाया था। फिल्म फैन साल 2016 में आई थी। इस फिल्म का निर्देशन मनीष शर्मा ने किया था। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी।
Source - Amar Ujala