Operating Department Smart Search


Sort :
Loading...
Go to Page :

22 Sept 2019

अवतार पर गोविंदा का खुलासा- मूवी करता तो प्रोड्यूसर्स सड़क पर आ जाते


बॉलीवुड एक्टर गोविंदा हाल ही में टीवी शो नच बलिए में नजर आए. शो के इस खास एपिसोड में गोविंदा ने रवीना टंडन के साथ ठुमके लगाए. "किसी डिस्को में जाएं" गाने पर दोनों ने परफॉर्म किया जिसकी खूब तारीफ हुई. गोविंदा ने कहा कि रवीना टंडन के साथ उनकी एक भी फिल्म फ्लॉप नहीं हुई है. गोविंदा पिछले दिनों अपने उस बयान को लेकर सुर्खियों में थे जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें जेम्स कैमरून की सुपरहिट हॉलीवुड फिल्म अवतार करने का ऑफर मिला था जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था.

उनके इस बयान पर लोगों को यकीन नहीं हुआ और गोविंदा को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया था. अब उन्होंने नच बलिए में इस पर अपनी बात रखी है.

गोविंदा ने कहा, "इसमें परेशान होने की बात नहीं है. मुझे बात को अपने तरीके से सामने रखना था और मैंने वही किया."

गोविंदा ने बताया, "सच ये है कि 400 दिन तक अपने शरीर पर कलर लगा कर शूटिंग करना आसान नहीं है. फिल्म की शूटिंग ढाई साल तक रोकनी पड़ी थी क्योंकि जितना मुझे पता है लोग बीमार पड़ना शुरू हो गए थे."

एक्टर ने कहा, "इस तरह फिल्म नहीं करने का मेरा विचार गलत नहीं था. मैं उन दिनों तमाम फिल्में कर रहा था. वो आफत में पड़ जातीं और उन फिल्मों के डायरेक्टर्स-प्रोड्यूसर्स सड़क पर आ जाते."

बता दें कि गोविंदा ने खुलासा किया था कि उन्होंने मना कर दिया क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि उनकी बॉडी में कलर किया जाए. उन्होंने यह भी दावा किया था कि डायरेक्टर को फिल्म का टाइटल उन्होंने सुझाया था जिसके बाद उसका नाम अवतार रखा गया.

गोविंदा ने कहा था कि उन्होंने उसी वक्त प्रोड्यूसर्स को ये बता दिया था कि तुम्हारी ये फिल्म अगले 7 साल तक कंप्लीट नहीं हो पाएगी.

Source - Aaj Tak 

Followers